
रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन का त्यौहार नहीं, बल्कि रक्षा के वचन का पर्व है। जो वर्दीधारी भाई दिन-रात हमारी और हमारे अंचल की रक्षा में अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं, उनके हाथों पर जब बहनों ने स्नेह का धागा बांधा तो पूरा थाना परिसर भावुक हो उठा। पुसौर में भाजपा महिला मोर्चा ने थाना परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाकर भाईचारे और सम्मान की एक मिसाल पेश की।

सुरक्षा से जुड़े शासन के समूचे विभाग प्रत्येक तीज-त्यौहार में अपने परिवार से दूर रहकर सदा कानून व्यवस्था व शांति स्थापित करने के लिए अपना ड्यूटी निर्वहन करता रहता है। इसी निस्वार्थ कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देने के लिए भाजपा मंडल पुसौर के महिला मोर्चा ने आज एक अनूठी पहल की। इस कड़ी में थाना प्रभारी सहित समूचे स्टाफ को राखी पहना कर भाजपा महिला मोर्चा ने रक्षा बंधन पर्व को साझा किया ताकि उन्हें परिवार से दूर रहने का एहसास न हो. यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष श्री जैमिनी गुप्ता व किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री घनश्याम पटेल, युवा नेता श्री विवेक कुमार गुप्ता, भाजपा नेता श्री संतोष गुप्ता, श्री दीपक गुप्ता की मौजूदगी में भाजपा मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती नेतकुमारी पटेल की अगुवाई में जिला मंत्री श्रीमती खीरकुमारी डनसेना, जिला कार्य समिति सदस्य श्रीमती इंदिरा गुप्ता, महामंत्री द्वय श्रीमती सरस्वती गुप्ता व श्रीमती यशोदा गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी श्रीवास, मंडल उपाध्यक्ष व तरडा सरपंच श्रीमती अनीता जयपुरिया ने पुलिस थाना पहुंचकर विधि-विधान से चंदन तिलक और आरती करते हुए सभी पुलिस भाइयों को रक्षा सूत्र बांधकर अंचल वासियों की रक्षार्थ मंगल कामना की। आमतौर पर प्रकरणों में उलझा रहने वाला थाना परिसर आज रक्षाबंधन के अवसर पर एक अलग ही पारिवारिक माहौल में नजर आया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री हर्षवर्धन सिंह बैस ने उपस्थित सभी बहनों एवं पदाधिकारियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर सदैव संवेदनशील रहती है। उन्होंने शास्त्रों का हवाला देते हुए कहा कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते तत्र रमन्ते देवता” अर्थात जहां नारी की पूजा होती है, वहीं देवता निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि राखी का यह पवित्र धागा हमें जनता की सुरक्षा के प्रति हमारी जिम्मेदारी का और अधिक एहसास कराता है। पूरे थाना परिवार की ओर से बहनों को आशीर्वाद और सदैव रक्षा का वचन दिया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान उप निरीक्षक योगेश यादव, दिव्या बंजारे, डोलनारायण साव, अमित तिर्की, कल्याण सिंह कंवर, कृष्ण कुमार गुप्ता, चंद्रहास नायक, रेखा नागरे, दिलीप सिदार, अनूप साव सहित थाना के समस्त कर्मचारी बंधु उपस्थित रहे।


