

बीते दिन पुसौर में अनुसूचित जाति आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान एवं सराईपाली की विधायक श्रीमती चातुरी नंद का गांडा समाज सहित अन्य अनुसूचित जाति के लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जानकारी के अनुसार प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों द्वारा जिला मुख्यालय रायगढ़ में श्री रामलाल चौहान को आयोग का अध्यक्ष बनाए जाने तथा श्रीमती चातुरी नंद द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों के सम्मान हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी सिलसिले में दोनों नेता जब पुसौर होते हुए रायगढ़ जा रहे थे तो पुसौर जनपद कार्यालय के समीप उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

आतिशबाजी और माल्यार्पण से हुआ स्वागतः
इस संक्षिप्त कार्यक्रम में आतिशबाजी कर खुशी जताई गई। उपस्थित लोगों ने बारी.बारी से माल्यार्पण कर दोनों अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिलासपुर संभाग के डिप्टी कमिश्नर श्री हरिशंकर चौहान एवं पूर्व आयोग अध्यक्ष श्री पुनीतराम चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके स्वागत के लिए वरिष्ठ शिक्षक श्री भुवनेश्वर चौहान, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री डिग्री लाल चौहान, श्री बंशीधर चौहान, श्री उजागर चौहान, श्री चेहरालाल महान, श्री त्रिनाथ चौहान सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रायगढ़ में समाज की वृहद बैठकः
इस अवसर पर विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने बताया कि सामाजिक विषयों पर चर्चा हेतु हमारा रायगढ़ प्रवास कार्यक्रम है। वहां नव नियुक्त आयोग अध्यक्ष श्री रामलाल जी का समाज की ओर से सम्मान किया जाना है। वहीं आयोग अध्यक्ष श्री रामलाल चौहान ने कहा कि समाज को एक सूत्र में पिरोकर उनके उत्थान के लिए आवश्यक चर्चा करनी है। इसी उद्देश्य से रायगढ़ में वृहद बैठक का आयोजन किया गया है।


