

“कोई भी खेल चाहे खो-खो, कबड्डी, कुश्ती, क्रिकेट आदि हो, ये जहां सामूहिकता को बढ़ावा देते हैं, वहीं शारीरिक विकास के लिए भी अत्यंत कारगर सिद्ध होते हैं।” उक्त बातें नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री उमेश साव ने स्व. सीसी लाल श्रीवास्तव की स्मृति में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि की आसंदी से कही.
उक्त कार्यक्रम नगर पंचायत कार्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया था। इस दंगल में कुल 40 जोड़ों ने अपनी ताकत आजमाई। इसमें अभिनव स्कूल, आर्य स्कूल, आदर्श एवं शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सबसे आकर्षक मुकाबला पूर्व नगर अध्यक्ष श्री रितेश थवाईत एवं पूर्व शाला समिति अध्यक्ष श्री हरिशंकर गुप्ता के बीच हुआ। दोनों के बीच हुई कुश्ती को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में श्री अक्षय कुमार सतपथी, श्री अनिल यादव, श्री अभिनव सतपथी, पार्षद श्री मंगल साव, श्री प्रदीप यादव, श्री फगुलाल प्रधान, श्री शौकीलाल चौहान, श्री निराकार पटेल, सीएमओ श्री ललित साहू, श्री विजय महाणा, श्री भरत षडंगी, श्री हेमांश गुप्ता, श्री निलेश महाणा, श्री ताराचंद गुप्ता, श्री सुरेश महाणा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। वहीं कुश्ती के निर्णायक के रूप में श्री पवन साव, श्री राहुल वैष्णव एवं श्री विनोद गुप्ता ने अपनी भूमिका निभाई।
ज्ञात हो कि स्व. सीसी लाल श्रीवास्तव के सुपुत्र श्री किसलय किशोर श्रीवास्तव प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम को मूर्त रूप देने के लिए उपस्थित रहते हैं। इस वर्ष अपरिहार्य कारणों से वे उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने कार्यक्रम के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई थीं।


