सड़क तक फैले दुकानों के पसरे से आवागमन बाधित, त्यौहारी भीड़ से जाम की स्थिति

      पुसौर के मुख्य चौक-चौराहों में बड़े-बड़े स्टॉल लगने और सड़क किनारे की दुकानों द्वारा अपना सामान सड़क तक फैला देने के कारण इन दिनों बाजार से बोरोडीपा तक लोगों को आवागमन में भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।

      स्थिति यह है कि दुकानदारों द्वारा डामर सड़क से सटकर ही दुकानें लगा दी गई हैं। वहीं सामान की लोडिंग-अनलोडिंग और खरीदी के दौरान ग्राहकों द्वारा अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को बीच सड़क पर खड़ा कर देने से घंटों जाम की स्थिति बन जाती है। यह समस्या पिछले कई वर्षों से देखी जा रही है, लेकिन त्यौहारों के समय यह और विकराल हो जाती है।

इन जगहों पर ज्यादा समस्या:
     यह स्थिति बोरोडीपा मोड़, जनपद पंचायत कार्यालय के पास, स्कूल के पास, गायत्री मंदिर के पास, शराब भट्टी के पास और मुख्य बाजार चौक में स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। बीते बुधवार को भी ऐसी ही स्थिति निर्मित हुई थी, जब भीड़ बढ़ने पर लोगों को पुलिस को बुलाकर भीड़ हटाने का निवेदन करना पड़ा।

लोगों की मांग:
      जागरूक नागरिकों का कहना है कि त्यौहार के कारण कोई किसी दुकानदार को सीधे मना नहीं कर पाता, क्योंकि इससे आपसी भाईचारे में खलल पड़ने का डर रहता है। इसलिए लोग चाहते हैं कि सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिस थाना पुसौर से पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

पुलिस का कहना:
      पुसौर पुलिस का कहना है कि वे दीवाली, दशहरा और राखी जैसे बड़े त्यौहारों पर बाजार में अपनी मौजूदगी दर्ज कर भीड़ को हटाते रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार दुकानदारों को समझाइश दी जाती है कि वे अपना पसरा सड़क तक न फैलाएं, क्योंकि सड़क तक दुकान फैलने पर ग्राहक सड़क पर ही गाड़ी खड़ी कर सामान खरीदेगा, जिससे मार्ग अवरुद्ध होना तय है।

      पुलिस प्रशासन ने त्यौहार को आनंद और उल्लास का विषय बताते हुए सभी से सौहार्द बनाए रखने और आवागमन में सहयोग करने की अपील की है।

Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *