
रायगढ़, 16 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुखी 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला रायगढ़ द्वारा भव्य “प्रबुद्ध जन सम्मेलन एवं विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शुक्रवार 19 जून 2026 को शाम 4 बजे प्रियदर्शी अवधूत भगवान राम ऑडिटोरियम, पंजरीप्लांट रायगढ़ में होगा।

यह जानकारी रायगढ़ के प्रथम भाजपा विधायक विजय अग्रवाल के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष
भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के लिए विश्वास, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम कालखंड रहे हैं। इन 12 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। इसी उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत 2047 के संकल्प को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
ये दिग्गज रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री माननीय अरुण साव होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गभेल, जिला भाजपा संगठन प्रभारी प्रशांत सिंह ठाकुर एवं जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान मंच पर उपस्थित रहेंगे।
प्रबुद्धजनों की होगी गरिमामयी उपस्थिति
सम्मेलन में जिले के प्रबुद्धजन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, आम नागरिक, भाजपा के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित कर विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
विकसित भारत का लिया जाएगा संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रबुद्धजन, नागरिक और कार्यकर्ता विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेंगे। रायगढ़ के प्रथम भाजपा विधायक विजय अग्रवाल द्वारा जारी विज्ञप्ति में भाजपा जिला संगठन ने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों से इस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
12 साल की उपलब्धियां होंगी साझा
सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, वंदे भारत ट्रेन, नए संसद भवन, धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं और बड़े फैसलों पर चर्चा होगी।साथ ही आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और सुशासन के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों को बताया जाएगा। विकसित भारत 2047 के विजन को लेकर केंद्र सरकार के रोडमैप और छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के कामों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
