ग्रैंड फिनाले में 1100 टीमों को पछाड़ा, विजेता को 1 लाख का इनाम, NTPC के HR निदेशक अनिल कुमार जाडली ने किया सम्मानित

नोएडा, 08 अक्टूबर | http://cglivenews.in
भारत की सबसे बड़ी विद्युत कंपनी NTPC लिमिटेड ने युवाओं में जिज्ञासा, सीखने की रुचि और नई सोच को बढ़ावा देने वाली अपनी प्रमुख पहल इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 (Electron Quiz) का बुधवार 8 अक्टूबर को भव्य समापन किया।
लखनऊ से शुरू होकर नोएडा में खत्म हुआ सफर –
यह क्विज 5 सितंबर 2026 को लखनऊ में क्षेत्रीय राउंड के साथ शुरू हुई थी, जो 8 अक्टूबर को राष्ट्रीय फिनाले के साथ संपन्न हुई। इस दौरान देश के 9 क्षेत्रीय केंद्रों – लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस साल 1100 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे यह NTPC इलेक्ट्रॉन क्विज के इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन बन गया।
ग्रैंड फिनाले के नतीजे –
नोएडा में हुए ग्रैंड फिनाले में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
- प्रथम स्थान: IIT मद्रास के अद्विक काबरा और आशीष चेरियन थन्निकल ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया।
- द्वितीय स्थान: IIT मद्रास के ही श्रीराम माधवन वी और ईशान जोशी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
- तृतीय स्थान: IIT कानपुर के वकार मोइद और पार्थ आर्य भट्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरस्कार राशि –
राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को ₹1,00,000, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹60,000 और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹40,000 का पुरस्कार दिया गया। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹16,000 प्रत्येक, जबकि फाइनल में पहुंची शेष 12 टीमों को ₹8,000 प्रत्येक का पुरस्कार दिया गया। क्षेत्रीय स्तर पर विजेता टीमों को ₹60,000, दूसरे स्थान पर ₹40,000 और तीसरे स्थान पर ₹20,000 का पुरस्कार दिया गया था।
HR निदेशक ने दी बधाई –
इस अवसर पर मौजूद अनिल कुमार जाडली, निदेशक (मानव संसाधन), NTPC ने विजेता टीमों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के उत्साह और भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आगे के सफर में सीखने और जिज्ञासा की भावना को बनाए रखने का आग्रह किया। NTPC की बदलाव की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी पारंपरिक पहचान से आगे बढ़ते हुए अब एक एकीकृत ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी (Integrated Energy Major) के रूप में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बदलाव के साथ खुद को ढालना और लगातार आगे बढ़ना ऐसे गुण हैं, जिन्हें युवा पीढ़ी को भी समझना चाहिए। इस अवसर पर एस. एन. पाणिग्रही, कार्यकारी निदेशक (HR), प्रेमलता, कार्यकारी निदेशक (स्ट्रैटेजिक HRD और टैलेंट मैनेजमेंट), NTPC के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न संस्थानों से आए विद्यार्थी भी मौजूद रहे।
क्या है इलेक्ट्रॉन क्विज?
2004 से आयोजित हो रही NTPC इलेक्ट्रॉन क्विज, ‘The World of Business & Management’ थीम पर आधारित है, जो युवाओं को सीखने, अपना ज्ञान बढ़ाने और प्रतियोगिता के जरिए अपनी क्षमताओं को परखने का अवसर देती है। NTPC के बारे में – NTPC लिमिटेड, भारत सरकार की महारत्न कंपनी, देश की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत कंपनी है, जिसकी स्थापित क्षमता 91 GW से अधिक है। कंपनी ने 2032 तक 60 GW अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
