

रायगढ़: केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंत्रालय द्वारा 6 जुलाई से नई दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ के चुनिंदा सहकारी समिति अध्यक्षों का विशेष राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया है।
रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पुसौर सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष घनश्याम पटेल का चयन इस प्रतिष्ठित सेमिनार के लिए हुआ है। घनश्याम पटेल के नेतृत्व में रायगढ़ जिले के कुल 5 समिति अध्यक्ष इस सेमिनार में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
15 साल का सक्रिय सहकारिता अनुभव बना चयन का आधार घनश्याम पटेल ने बताया कि मंत्रालय ने यह चयन समिति अध्यक्षों की सक्रियता और योगदान के आधार पर किया है। घनश्याम पटेल पिछले दो कार्यकाल से लगातार पुसौर सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वे समिति में सक्रिय सदस्य के रूप में भी काम कर चुके हैं और सलाहकार की भूमिका निभा चुके हैं। इस तरह सहकारी आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी पिछले 15 वर्षों से लगातार बनी हुई है।
पुसौर समिति उनके कार्यकाल में जिले की अग्रणी समितियों में शुमार हुई है। धान खरीदी, खाद-बीज वितरण, ऋण वितरण और डिजिटल सेवाओं में समिति ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। ऋण वसूली में 98% की उपलब्धि के साथ समिति लगातार जिले में अव्वल रही है।
सेमिनार का उद्देश्य
भारत मंडपम में आयोजित इस तीन दिवसीय सेमिनार में “सहकार से समृद्धि” विजन को जमीनी स्तर पर लागू करने, PACS के कंप्यूटरीकरण, बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के गठन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सहकारिता की भूमिका पर मंथन होगा। देशभर से चयनित 200 से अधिक समिति अध्यक्ष इसमें शामिल होंगे।
घनश्याम पटेल ने कहा, “यह पुसौर के हर किसान और समिति सदस्य के लिए गर्व की बात है। सेमिनार में मिले अनुभवों को हम अपनी समिति में लागू कर किसानों को और बेहतर सेवाएं देंगे।”
जिले से चयनित अन्य अध्यक्ष
घनश्याम पटेल के साथ रायगढ़ जिले से तमनार, खरसिया, घरघोड़ा सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्ष भी इस सेमिनार में हिस्सा लेंगे। सभी चयनित अध्यक्ष 5 जुलाई को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
