
रायगढ़, 10 सितंबर 2026। गुरु बिना ज्ञान नहीं, और ज्ञान बिना भविष्य नहीं। इसी सोच को सलाम करते हुए अदाणी फाउंडेशन ने उरबा क्लस्टर के उन 24 शिक्षकों को मंच पर बुलाया, जो चॉक-डस्टर से आगे निकलकर बच्चों को डिजिटल और प्रैक्टिकल दुनिया से जोड़ रहे हैं। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उरबा में हुए इस विशेष सम्मान समारोह की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।


शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में उरबा क्लस्टर के विभिन्न शासकीय विद्यालयों से जुड़े 24 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे शिक्षकों के उत्कृष्ट और नवाचारी योगदान को सम्मानित करना और उन्हें आगे और बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करना था।
समारोह के दौरान सभी शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, शाल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शाला के प्रभारी प्राचार्य राम कुमार पटेल मुख्य अतिथि के रूप में, जबकि उरबा की उपसरपंच प्रियंका दिनेश सारथी एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष भानुप्रताप राठिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अतिथियों ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं। उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा से ही विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित होते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित विभिन्न पहलों की सराहना की। शिक्षकों ने कहा कि फाउंडेशन की गतिविधियां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी सीखने की क्षमता और रचनात्मक सोच को भी बढ़ावा दे रही हैं। अपना अनुभव साझा करते हुए एक शिक्षक ने कहा, “अदाणी फाउंडेशन द्वारा दिया गया यह सम्मान हमें और अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए प्रेरित करता है। इस प्रकार का प्रोत्साहन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है।
परियोजना क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अदाणी फाउंडेशन द्वारा कई महत्वपूर्ण पहलें संचालित की जा रही हैं। हाल ही में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उरबा में दो डिजिटल पैनल बोर्ड तथा सरस्वती शिशु मंदिर, चितवाही में एक डिजिटल पैनल बोर्ड उपलब्ध कराया गया है, जिससे बच्चों को स्मार्ट क्लास का अनुभव मिल रहा है। इसके अलावा शासकीय प्राथमिक विद्यालय, उरबा में अदाणी जवाहर नवोदय केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं के साथ अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार हो सकें।
फाउंडेशन का मोबाइल साइंस लैब कार्यक्रम भी क्षेत्र में प्रभावी रूप से संचालित हो रहा है। इस पहल के माध्यम से आसपास के 25 गांवों के 20 शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 6वीं से 9वीं तक के लगभग 930 विद्यार्थियों को विज्ञान आधारित प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनमें वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक ज्ञान का विकास हो रहा है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित सभी शिक्षकों ने इस प्रेरणादायक और गरिमामय सम्मान समारोह के आयोजन के लिए अदाणी फाउंडेशन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया और इस पहल को शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक बताया।


