


महलोई, रायगढ़। ग्रामीण प्रतिभाओं को संवारने के लिए एनटीपीसी लारा लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में लारा प्रबंधन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महलोई में विद्यार्थियों को पढ़ाई और खेल से जुड़ी सामग्री का वितरण किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एनटीपीसी लारा के प्रमुख परियोजना श्री सुभाष ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ एजीएम (एचआर) श्री जाकिर खान, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और ग्राम के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में बच्चों को स्टडी टेबल, कॉपी-किताब, पेन-पेंसिल सहित स्टेशनरी किट, विभिन्न खेलों के लिए स्पोर्ट्स किट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण पुस्तकें दी गईं। एनटीपीसी का उद्देश्य है कि गांव के बच्चों को शहरों जैसी पढ़ाई की सुविधाएं मिलें ताकि वे किसी से पीछे न रहें।
मलेशिया में तिरंगा फहराने वाली बेटियों का किया सम्मान
मंच से मुख्य अतिथि श्री ठाकुर ने उसी विद्यालय की तीन छात्राओं का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने हाल ही में महलोई जैसे छोटे से गांव से निकलकर मलेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रोस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन और थोड़े से सहयोग से हमारे गांव के बच्चे भी विश्व मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इन बेटियों की कामयाबी पूरे रायगढ़ जिले के लिए प्रेरणा है।
एनटीपीसी लारा प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के सहयोग कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।


