Flash News

नगर पंचायत पुसौर में 3 मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ, एसडीएम महेश शर्मा ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पाणिग्राही बोले – “एकजुट होकर बनाएं आदर्श नगर पंचायत”

पद और गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए sdm शर्मा

पुसौर, 10 जुलाई 2026 | CG Live News
शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत पुसौर में 3 मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। अनुविभागीय अधिकारी महेश शर्मा ने नव नियुक्त एल्डरमेन त्रिनाथ गुप्ता, अभिमन्यु साहू और विकास होता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

       समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही, रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विलीस गुप्ता और जिला कोषाध्यक्ष सनत नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला और मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।

नगर अध्यक्ष और सीएमओ ने संभाली पूरी व्यवस्था

     शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने में नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, उपाध्यक्ष उमेश साव सहित सभी निर्वाचित पार्षदों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीएमओ ललित साहू और नगर पंचायत के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम के संचालन, अतिथियों के स्वागत और सम्मान में बेहतर समन्वय दिखाया। साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था को लेकर भी सभी की सराहना हुई।

मनमुटाव खत्म, एकजुटता का संदेश

      एल्डरमेन की नियुक्ति को लेकर पिछले कुछ दिनों से नगर पंचायत में जो आपसी मतभेद की चर्चा थी, वह शपथ समारोह में पूरी तरह खत्म होती नजर आई। सभी पार्षदों ने एक साथ मंच साझा कर सौहार्द और एकता का संदेश दिया। इस एकजुटता को और मजबूती प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही के संबोधन से मिली। उन्होंने कहा: नगर का विकास ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पद छोटा या बड़ा नहीं होता, काम बड़ा होता है। भाजपा का यही संस्कार है कि हम सब मिलकर काम करें। आपसी भेदभाव भूलकर पुसौर को प्रदेश की आदर्श नगर पंचायत बनाना है।” महापौर जीवर्धन चौहान ने भी नव मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

विकास को लेकर क्या बोले नए पार्षद

      शपथ लेने के बाद तीनों मनोनीत पार्षदों ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और जर्जर सड़कों की समस्या का समाधान करना होगी।

नगर अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी ने विश्वास दिलाया कि निर्वाचित और मनोनीत सभी पार्षदों के साथ मिलकर पुसौर को एक सुंदर, स्वच्छ और विकसित नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।


Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *