अपराध पर अंकुश लगाने पुसौर पुलिस का फ्लैग मार्च, जुआ-सट्टा-नशे के अड्डों पर सख्ती


         जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में जिला पुलिस प्रशासन प्रमुख एसएसपी शशिमोहन सिंह के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में पुसौर पुलिस ने मंगलवार को पुसौर नगर में फ्लैग मार्च निकालकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

        पुलिस की इस मुहिम का उद्देश्य अपराधियों तक सीधा संदेश पहुंचाना और आम जनता में सुरक्षा का भाव जगाना है। एसएसपी के निर्देश पर जिले में वर्षों से चले आ रहे जुआ, सट्टा और नशे के व्यापार की जड़ तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन की सकारात्मक और दमदार मौजूदगी से अपराध और दहशतगर्दी पर अंकुश लग रहा है।

बस स्टैंड से बोरोडिपा चौक तक दिखा पुलिस का रौब
       जानकारी के अनुसार पुसौर थाना प्रभारी टीआई हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। मार्च पुसौर बस स्टैंड से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग होते हुए बोरोडिपा चौक तक संपन्न हुआ। इस दौरान टीआई, एएसआई सहित प्रधान आरक्षक और आरक्षकों की टीम पुलिस वाहन के आगे-आगे पैदल चलती नजर आई। मार्च के दौरान पुलिस ने बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।

शराब भट्टी के सामने की कड़ी समझाइश
       फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने देशी शराब भट्टी के सामने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यहां एक व्यक्ति शराब के नशे में उत्पात मचाने का प्रयास कर रहा था। टीआई हर्षवर्धन सिंह ने मौके पर ही उसे कड़ी समझाइश देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी । टीआई ने बताया कि शाम होते ही शराब भट्टी के सामने लोगों का जमावड़ा बढ़ जाता है, जिसके कारण कभी-कभी नशे में शांति भंग की घटनाएं सामने आती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए टीआई ने कुछ देर वहां अपनी टीम के साथ खड़े रहकर स्थिति पर नजर रखी। साथ ही मदिरा विक्रेता को भी अनुशासन बनाए रखने और परिसर में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों को रोकने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस की चेतावनी: अब बर्दाश्त नहीं होगा
     टीआई हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि पुसौर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जुआ, सट्टा, अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

       फ्लैग मार्च से पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है। आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब अपराधियों में भय और जनता में विश्वास बढ़ेगा।


Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *