Flash News

“सही दवा-शुद्ध आहार” अभियान के तहत जांच तेज, पुसौर-खरसिया समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल-कॉस्मेटिक दुकानों का सघन निरीक्षण

शॉपिंग जोन में निरीक्षण करते अधिकारी

       रायगढ़, 30 अप्रैल 2026 – जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और प्रदेशवासियों को सुरक्षित व गुणवत्तायुक्त दवा व खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन का 15 दिवसीय सघन जांच अभियान तेज हो गया है। “सही दवा-शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे इस अभियान के तहत मंगलवार को पुसौर और खरसिया विकासखंड समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल एवं कॉस्मेटिक प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया गया।

पुसौर-खरसिया में दर्जन भर दुकानों पर छापा
      अभियान के तहत पुसौर क्षेत्र में बी.के. मेडिकल स्टोर, अग्रवाल मेडिकल स्टोर, सुशील मेडिकल सेंटर तथा शॉपिंग जोन कॉस्मेटिक सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वहीं खरसिया क्षेत्र में हीरा मेडिकल स्टोर, सुषमा इंटरप्राइजेस, अजय इंटरप्राइजेस समेत अन्य दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।

दवा दुकान

5 मेडिकल स्टोर, 3 कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण
        खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के प्रावधानों के तहत कुल 5 मेडिकल स्टोर और 3 कॉस्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं के भंडारण की स्थिति, गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, लाइसेंस की वैधता तथा आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई
     निरीक्षण के दौरान सभी दुकानदारों को दवा विक्रय से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष फोकस किया जा रहा है।

विभाग की सख्त चेतावनी: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
      खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आम नागरिकों से अपील: बिल लें, एक्सपायरी देखें
        प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे दवाएं खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल अवश्य लें और दवा की एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। यदि किसी मेडिकल स्टोर या कॉस्मेटिक दुकान में कोई अनियमितता नजर आए तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह सघन जांच अभियान 11 मई तक लगातार जारी रहेगा। शिक्षा विभाग के सचिव के निर्देशों के परिपालन में पूरे प्रदेश में एक साथ यह अभियान चलाया जा रहा है।

Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *