
छिछोर उमरिया, पुसौर, 27 अप्रैल 2026 – पुसौर तहसील क्षेत्र के ग्राम छिछोर उमरिया के वार्ड क्रमांक 9 के पंच रमेश गुप्ता की लू लगने से मौत हो गई। 35 वर्षीय रमेश अपने ससुराल जा रहे थे, तभी मंशाटार के पास अचानक चक्कर आने से गिर पड़े। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
ससुराल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रमेश गुप्ता पिता ज्योतिष गुप्ता रविवार दोपहर अपने ग्राम छिछोर उमरिया से ससुराल के लिए निकले थे। मंशाटार के पास भीषण गर्मी के कारण उन्हें चक्कर आया और वे वहीं गिरकर बेहोश हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और रमेश को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव
सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद रमेश का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार में गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
सरपंच ने जताया शोक, कहा- खो दिया होनहार पंच
पूरे घटनाक्रम पर ग्राम पंचायत छिछोर उमरिया की सरपंच श्रीमती रामेश्वरी महेंद्र साव बारीकी से नजर रख रही थीं। जहां जो जरूरत महसूस हुई, उसे पूरा किया गया। घटना पर शोक प्रकट करते हुए सरपंच ने कहा, “छिछोर उमरिया पंचायत ने एक होनहार और कर्मठ पंच को खो दिया। रमेश गुप्ता हमेशा गांव के विकास और लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी।”
BMO की सलाह: लू से ऐसे बचें
पोस्टमार्टम के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक ने लोगों को लू से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी में बाहर निकलते समय सफेद और ढीले कपड़े पहनें ताकि पूरा शरीर ढका रहे। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और बीच-बीच में ओआरएस का घोल भी लेते रहें। डॉ. नायक ने बुजुर्गों से अपील की कि वे दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें। साथ ही नशा करने वालों को खास हिदायत दी कि नशे की हालत में लोग खाने-पीने का ध्यान नहीं रख पाते, ऐसे में लू लगने की संभावना ज्यादा रहती है। इसलिए नशे की हालत में बाहर जाने से परहेज करें।
