
पुसौर, 27अप्रैल 2026 – पुसौर मुख्यालय में इन दिनों विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है। क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी के उदारता, पहल और अथक प्रयास से नगर पंचायत क्षेत्र में ही पिछले करीब साढ़े तीन सालों में 20 करोड़ से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। इनमें से कई काम पूरे हो चुके हैं और जनता उनका लाभ भी लेना शुरू कर चुकी है।
एक करोड़ की लागत से बनी अत्याधुनिक लाइब्रेरी
नगर पंचायत कार्यालय पुसौर के सीएमओ ललित साहू के मुताबिक बोरोडीपा के कॉलेज रोड में लगभग एक करोड़ की लागत से 5000 स्क्वायर फीट क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी बनकर तैयार हो गई है। भूतल पर पार्किंग की सुविधा है। लाइब्रेरी में स्थायी बिजली व इंटरनेट सुविधा, वातानुकूलित कक्ष और पेयजल की व्यवस्था रहेगी। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थी आकर सुविधा का लाभ ले सकेंगे और अपना मुकाम हासिल कर सकेंगे।
रजिस्ट्री कार्यालय की स्थापना से मिली बड़ी राहत
पुसौर में हुए महत्वपूर्ण कार्यों में रजिस्ट्री कार्यालय की स्थापना प्रमुख है। अब लोगों को रजिस्ट्री के लिए रायगढ़ नहीं जाना पड़ता। वित्तमंत्री ओपी चौधरी जब भी पुसौर या क्षेत्र में आते हैं, खाली हाथ नहीं आते। कुछ न कुछ सौगात देकर ही जाते हैं। इसी का नतीजा है कि नगर पंचायत क्षेत्र में करोड़ों के काम चल रहे हैं।
14 करोड़ से अधिक के ये कार्य प्रगति पर
पुसौर में चल रहे विकास कार्यों में बोरोडीपा रोड किनारे साढ़े 6 लाख का प्रतीक्षालय, 15वें वित्त से 1.5 लाख लीटर क्षमता वाली 41 लाख रुपये की पानी टंकी, महादेव तालाब में 3 लाख लीटर क्षमता की 75 लाख की पानी टंकी, बोरोडीपा कृषि कार्यालय के बगल में 3 लाख लीटर की 75 लाख की पानी टंकी, हाउसिंग कॉलोनी में 10 लाख का शेड निर्माण, हाई स्कूल में 20 लाख का स्टील शेड निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा सभागार भवन, लाइब्रेरी एवं प्रयोगशाला भवन 60 लाख में, बोरोडीपा चौक से कॉलेज तक नाली एवं बीटी रोड निर्माण 4 करोड़ में, चंदन तालाब सौंदर्यीकरण 2 करोड़ में, पुष्प वाटिका निर्माण 2 करोड़ 92 लाख में, रानी सागर तालाब सौंदर्यीकरण 46 लाख में, पशु हॉस्पिटल से गांधी चौक तक नाली व सीसी रोड निर्माण 50 लाख में कराया जा रहा है।
हर वार्ड में बन रही पानी टंकी
पुसौर में पेयजल की समस्या को देखते हुए वित्तमंत्री चौधरी ने प्रत्येक वार्ड में ढाई और 3 लाख लीटर की पानी टंकियां बनवाने का निर्णय लिया है। बाजार चौक वाली टंकी और जनपद के बगल की टंकी बनकर तैयार हो चुकी है। सभी टंकियां बनने के बाद इनमें महानदी जल आवर्धन योजना या नलकूपों से पानी भरकर सप्लाई की जाएगी।
गौरव पथ और नहरों में स्थायी पानी की तैयारी
बताया जाता है कि बोरोडीपा से बाजार तक गौरव पथ का निर्माण होना है। इसी तरह केलो नहरों में पानी की स्थायी सुविधा दिलाने की तैयारी चल रही है, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल सकेगी। कुछ अन्य निर्माण कार्यों की टीएस होकर राशि स्वीकृति के लिए पहुंच चुकी है। राशि मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।
पार्षदों को दी नसीहत
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने नगर पंचायत कार्यालय भवन में सभी पार्षदों एवं अध्यक्ष के साथ बैठक की थी। इसमें सभी को मिलकर काम करने की नसीहत दी थी। कुछ पार्षदों के ओवरटेक होने की शिकायत पर उन्होंने कड़ी समझाइश भी दी कि आगे इस तरह की स्थिति की पुनरावृत्ति न करें। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनसुविधा को देखते हुए जो मांग आई उसे पूरा किया गया है और कई काम वित्तमंत्री ने जन अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर खुद स्वीकृत किए हैं, जो अब धरातल पर दिखने लगे हैं।
