
पुसौर, 20 अप्रैल 2026 – क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी की पहल पर पुसौर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को गति मिल रही है। इसी कड़ी में पशु हॉस्पिटल से थाना तक सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए भूमिपूजन संपन्न हुआ था।
एक वर्षीय बालक शिवांस के हाथों हुआ भूमिपूजन
उक्त भूमिपूजन नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव के हाथों संपन्न हुआ। उन्होंने एक नई पहल करते हुए अपने वार्ड के एक वर्षीय बालक शिवांस अग्रवाल के निर्मल स्पर्श से भूमिपूजन कराया। इस दौरान उन्होंने कहा, “बच्चे भगवान का रूप होते हैं और भूमिपूजन भगवान को साक्षी मानकर किया जाता है, इसी आशय से बालक के हाथों यह शुभ कार्य कराया गया।”नगर में उमेश साव के इस नवाचार की जगह-जगह सराहना हो रही है और इसकी चर्चा है।
वित्तमंत्री ओपी चौधरी की उदारता से हो रहे विकास कार्य
क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी की उदारता के फलस्वरूप पुसौर में सड़कों व नालियों का निर्माण कराकर नगर के सौंदर्यीकरण की दिशा में लगातार काम हो रहा है। पशु हॉस्पिटल से थाना तक की यह सड़क लंबे समय से जर्जर थी, जिसके निर्माण की मांग की जा रही थी।
ये रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष किशोर कसेर, शिवांस के दादा विजय अग्रवाल तथा कमलेश साव सहित वार्ड के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने कहा कि सीसी रोड बनने से पशु हॉस्पिटल और थाना आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही बारिश के दिनों में होने वाली कीचड़ और जलभराव की समस्या से भी निजात मिलेगी।
