
रायगढ़ 20 अप्रैल 2026 – मौजूदा रबी फसल और आगामी खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर कृषि विकास अधिकारी रोहित पटेल ने समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों (आरईओ) के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में पानी की कमी, मिट्टी परीक्षण और किसान सम्मान निधि वितरण जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
धान से बढ़ रही पेयजल की किल्लत
कृषि विकास अधिकारी रोहित पटेल ने बैठक में बताया कि रबी सीजन में जिन किसानों ने धान की फसल ली है, उसमें पानी की अधिक खपत हो रही है। इससे क्षेत्र में पेयजल की असुविधा बढ़ रही है। उन्होंने सभी आरईओ को निर्देश दिया कि वे किसानों को प्रेरित करें कि गर्मी के सीजन में धान की फसल न लेकर सब्जी की खेती करें, क्योंकि धान में पानी की जरूरत बहुत अधिक होती है।
किसान सम्मान निधि वितरण की समीक्षा
बैठक में किसान सम्मान निधि की राशि वितरण को लेकर भी समीक्षा की गई। कृषि विकास अधिकारी ने प्रत्येक आरईओ से अलग-अलग चर्चा कर जानकारी प्राप्त की और कंप्यूटर ऑपरेटर के जरिए डेटा संधारित कर पात्र किसानों को जल्द राशि दिलवाने के निर्देश दिए।
खरीफ से पहले मिट्टी परीक्षण पर जोर
श्री पटेल ने आगामी खरीफ फसल के लिए शासन की मंशा के अनुरूप मिट्टी परीक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता जांच कर किसानों को उचित फसल चुनने की सलाह दी जाए। गौरतलब है कि पुसौर क्षेत्र में 29 आरईओ क्षेत्र हैं, जहां अलग-अलग संबंधित अधिकारी तैनात हैं। ये अधिकारी क्षेत्र के किसानों से मिट्टी की उर्वरता और फसल की जानकारी एकत्र करते हैं। बैठक में सभी आरईओ को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में जाकर किसानों को शासन की योजनाओं की जानकारी दें और पानी की बचत वाली फसलों के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि पेयजल संकट से बचा जा सके।
