
लारा, रायगढ़, 14 अप्रैल 2026 – एनटीपीसी लारा में भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख से लेकर कर्मचारियों तक सभी ने बाबासाहेब के योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री सुभाष ठाकुर, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी लारा एवं श्रीमती रेखा ठाकुर, अध्यक्षा प्रेरिता महिला समिति द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और लारा कर्मचारी कल्याण संघ के सदस्यों ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
अंबेडकर के आदर्शों को अपनाने की अपील
इस अवसर पर उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में बाबासाहेब के आदर्शों की अहमियत पर जोर दिया। श्री ठाकुर ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने व्यावसायिक और सामाजिक जीवन में समानता, बंधुत्व और सबको साथ लेकर चलने के मूल्यों को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी का जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षा और संघर्ष से कोई भी बाधा पार की जा सकती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन
समारोह के दौरान बालभवन और गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

इसके अलावा कर्मचारियों, एसोसिएट्स और बच्चों के लिए संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और डॉ. अंबेडकर के विचारों पर केंद्रित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के सभी महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, यूनियन प्रतिनिधि, प्रेरिता महिला समिति की सदस्याएं और बड़ी संख्या में कर्मचारी परिवार सहित उपस्थित रहे।
