NTPC लारा में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह-2026 का शुभारंभ, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

एनटीपीसी लारा में अग्निशमन सेवा सप्ताह

         लारा, रायगढ़, 14 अप्रैल 2026 – ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती आगजनी की घटनाओं और जान-माल के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से एनटीपीसी लारा में राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी लारा प्लांट स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) अग्निशमन केंद्र में किया गया।

परियोजना प्रमुख ने किया शुभारंभ
          कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने अग्निशमन सेवा सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारीगण, CISF के उप कमांडेंट श्री महावीर सिंह, सहायक कमांडेंट/अग्नि श्री देवेंद्र नाथ सिंह सहित CISF के अन्य अधिकारी एवं बल सदस्य मौजूद रहे।

शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि
            कार्यक्रम की शुरुआत बॉम्बे डॉक यार्ड अग्निकांड में शहीद हुए फायर ब्रिगेड के वीर जवानों को याद कर की गई। मुख्य अतिथि श्री सुभाष ठाकुर सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। अग्निशमन सेवा सप्ताह हर साल 14 अप्रैल को बॉम्बे डॉक यार्ड हादसे के शहीदों की याद में ही मनाया जाता है।

सप्ताह भर चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
            मुख्य अतिथि ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लोगों को समय रहते सतर्क करना और बचाव के उपाय बताना ही इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य है। इस पूरे सप्ताह के दौरान स्कूल के बच्चों, महिलाओं, प्लांट में कार्यरत वर्कर्स और अन्य एजेंसियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इनमें आग लगने के कारण, उससे बचाव के तरीके, फायर एक्सटिंग्विशर का उपयोग और आपात स्थिति में क्या करें, क्या न करें, इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
            इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, CISF के जवान एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे। CISF अग्निशमन दल द्वारा डेमो भी प्रस्तुत किया गया। एनटीपीसी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में आग से बचाव के प्रति सजग रहें और अग्निशमन सप्ताह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *