

22-19 से जीता सांसें रोक देने वाला फाइनल, भूमिका सिदार बनीं बेस्ट ऑलराउंडर, चार साल की मेहनत लाई रंग
रायगढ़, 1 अक्टूबर 2026 @ http://cglivenews.in
अंतरराष्ट्रीय चक्रधर समारोह के तहत आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में बड़े भंडार की बेटियों ने एक बार फिर अपना परचम लहरा दिया है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के महिला वर्ग के फाइनल में अदाणी फाउंडेशन की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए खिताब जीत लिया।

बुधवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में अदाणी फाउंडेशन, बड़े भंडार की टीम का सामना जिंदल फाउंडेशन, रायगढ़ से था। दोनों टीमों के बीच मुकाबला आखिरी मिनट तक बेहद रोमांचक रहा, जिसमें अदाणी फाउंडेशन की बेटियों ने 22-19 के करीबी अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में अदाणी फाउंडेशन की टीम अजेय रही, जिसे लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
51 हजार का इनाम, जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया सम्मान
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा गबेल, उपाध्यक्ष दीपक सिदार और सदस्य सुषमा खलखो ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। प्रथम स्थान पर रही अदाणी फाउंडेशन की टीम को 51 हजार रुपये नगद और विजेता ट्रॉफी दी गई, जबकि दूसरे स्थान पर रही जिंदल फाउंडेशन को 31 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। इस प्रतियोगिता में लैलूंगा की टीम तीसरे और धरमजयगढ़ की टीम चौथे स्थान पर रही।
व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी अदाणी का कब्जा
टीम की जीत के साथ-साथ व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी अदाणी फाउंडेशन की बेटियां आगे रहीं। टीम की स्टार खिलाड़ी भूमिका सिदार को बेस्ट ऑलराउंडर का खिताब मिला। वहीं प्राची को बेस्ट कैचर और रीना को बेस्ट रेडर चुना गया। पुरुष वर्ग में धरमजयगढ़ के यशवंत कमलवंशी बेस्ट कैचर, तमनार के जागृत पटेल बेस्ट रेडर और आशीष सिदार बेस्ट ऑलराउंडर रहे। इस तीन दिवसीय आयोजन में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 25 टीमों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और रायगढ़ महापौर जीववर्धन चौहान ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की थी।
चार साल की तपस्या, अब दिख रहा है असर
यह सफलता अचानक नहीं मिली है। अदाणी पावर लिमिटेड की सीएसआर शाखा अदाणी फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से ग्रामीण अंचल की बेटियों को निःशुल्क कबड्डी प्रशिक्षण दे रही है। इस पहल का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। अब तक फाउंडेशन के प्रयास से 35 बालिकाओं का चयन राज्य स्तर और 4 बालिकाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हो चुका है। अदाणी फाउंडेशन की टीम का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है – टीम वर्ष 2023-24 में चैंपियन, 2024-25 में उपविजेता और पिछले दो वर्षों 2025-26 व 2026-27 से लगातार जिला चैंपियन बनी हुई है। इस सफलता के पीछे कोच प्रेम नायक, रतिराम सिदार, परमेश्वर बिश्वाल और परमेश्वर गुप्ता की कड़ी मेहनत है। वर्तमान में फाउंडेशन द्वारा आसपास के 15 गांवों की 50 स्कूली छात्राओं को नियमित रूप से कबड्डी के गुर सिखाए जा रहे हैं। टीम की खिलाड़ी बीना सिदार ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन के निःशुल्क प्रशिक्षण और सहयोग से हम जैसी ग्रामीण लड़कियों में आत्मविश्वास आया है और चक्रधर समारोह जैसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है।


