
मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्धा की गुमशुदगी दर्ज थी थाने में, लाखा रोड के पास मिली जख्मी, परिजन आर्थिक तंगी से जूझ रहे, शासन से मदद की मांग l
नगर पंचायत पुसौर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी 65 वर्षीय वृद्धा सरोजनी मिश्रा अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके दोनों पैर और एक हाथ टूट गया है। फिलहाल परिजन उन्हें शासकीय जिला चिकित्सालय रायगढ़ में भर्ती कराकर इलाज करा रहे हैं।
थाने में दर्ज थी गुमशुदगी
परिजनों के अनुसार सरोजनी मिश्रा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। इसी कारण वे अक्सर घर से निकल जाती थीं और कुछ समय बाद खुद ही वापस लौट आती थीं। कुछ दिन पहले जब वे घर से निकलीं और वापस नहीं आईं तो चिंतित परिजनों ने पुसौर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के साथ परिजन भी लगातार उनकी खोजबीन कर रहे थे।
लाखा रोड के पास मिलीं जख्मी हालत में
खोजबीन के दौरान वृद्धा लाखा रोड के पास सड़क किनारे जख्मी हालत में मिलीं। शरीर पर चोट के निशान और टूटे हाथ पैर देखकर अंदाजा लगाया गया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और छोड़कर फरार हो गया। परिजन तत्काल उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में वृद्धा के दोनों पैर और एक हाथ की हड्डी टूट गई है। उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
इधर पुसौर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लाखा रोड पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सके। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने हादसा होते देखा हो तो थाने में सूचना दें।
इलाज में आर्थिक संकट, शासन से मदद की गुहार
परिवार दुर्घटना के बाद से सरोजनी मिश्रा के परिजन आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इलाज में रोज खर्च हो रहा है। परिवार की माली हालत ऐसी नहीं है कि लंबा इलाज करा सकें चूंकि यह परिवार गरीबी रेखा सूची में शामिल है और मिले राशन व वृद्धा पेंशन से गुजर बसर कर्ता है। क्षेत्र में जनचर्चा है कि इस दुखद स्थिति में शासन-प्रशासन को आगे आकर पीड़ित परिवार की मदद करनी चाहिए. परिजनों ने बताया कि सरोजनी मिश्रा पहले भी कई बार घर से निकल जाती थीं लेकिन सुरक्षित वापस आ जाती थीं। इस बार हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

