
लारा, अक्टूबर 2026 – देश की बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए एनटीपीसी लारा ने स्थानीय मीडिया के साथ एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इस दौरान संयंत्र की परिचालन उपलब्धियों, भविष्य की विस्तार योजनाओं और क्षेत्र में चल रहे सामुदायिक विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
परिचालन में अव्वल, एनटीपीसी में दूसरा स्थान –
प्रेस वार्ता में दी गई प्रस्तुति के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक एनटीपीसी लारा ने शानदार परिचालन प्रदर्शन किया है। संयंत्र ने 84 प्रतिशत वार्षिक पीएलएफ (प्लांट लोड फैक्टर) और 86.28 प्रतिशत मासिक पीएलएफ के साथ पूरे एनटीपीसी समूह में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

इतना ही नहीं, ऊर्जा की बचत के मानकों पर भी लारा अव्वल रहा है। स्टेशन ने 5.91% वार्षिक और 5.85% मासिक सहायक विद्युत खपत (APC) दर्ज की, जो एनटीपीसी के सभी स्टेशनों में दूसरी सबसे कम खपत है। वहीं 0.47% का वार्षिक साइकिल मेकअप पूरे एनटीपीसी में सबसे कम रहा, जो संयंत्र की तकनीकी दक्षता और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
4800 मेगावाट तक विस्तार की तैयारी –
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि एनटीपीसी लारा केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षा, पर्यावरण संतुलन और सतत विकास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने जानकारी दी कि लारा की वर्तमान उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 4800 मेगावाट तक विस्तारित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और संयंत्र में नवीनतम तकनीकी उन्नयन की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
सीएसआर से गांवों की तस्वीर बदलने की कोशिश –
प्रेस वार्ता में कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत किए जा रहे कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। परियोजना प्रभावित गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास, युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता जैसे क्षेत्रों में एनटीपीसी द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में श्री एम. श्रीनाथ, महाप्रबंधक (O&M), श्री राजन कुमार श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स), श्री उदागिरी वी.वी.एस. श्रीनिवास राव (मेंटेनेंस), श्री जाकिर खान, अपर महाप्रबंधक (HR) तथा श्री सुधीर दहिया, अपर महाप्रबंधक (EMG) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह संवाद कार्यक्रम निश्चित रूप से एनटीपीसी प्रबंधन और मीडिया के बीच आपसी समझ और विश्वास को और सुदृढ़ करेगा, साथ ही राष्ट्र निर्माण में एनटीपीसी लारा की दोहरी भूमिका – ऊर्जा प्रदाता और सामाजिक भागीदार – को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है।
