
पुसौर, रायगढ़ | पुसौर पोस्ट ऑफिस में लंबे समय तक अपनी सेवा देने वाले सेवानिवृत्त पोस्टमैन यदु सरल का बीते दिन वृद्धावस्था के कारण निधन हो गया। वे लगभग 75 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पुसौर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवारजन, सगे-संबंधियों के साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।
यदु सरल ने पुसौर पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर लंबे समय तक कार्य किया। इस दौरान उन्होंने ईमानदारी और मृदुभाषी स्वभाव से क्षेत्र के लोगों का दिल जीता। डाक वितरण के दौरान हर घर से उनका पारिवारिक संबंध बन गया था। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे लोगों से मिलते-जुलते रहे। यदु सरल के निधन पर उनके वार्ड पार्षद, पूर्व नगर अध्यक्ष रितेश थवाईत, नगर उपाध्यक्ष उमेश साव सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
पूर्व नगर अध्यक्ष रितेश थवाईत ने कहा, “यदु काका मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। पोस्ट ऑफिस से जुड़े हर व्यक्ति को वे नाम से जानते थे। उनका जाना पुसौर के लिए अपूरणीय क्षति है।
नगर उपाध्यक्ष उमेश साव ने कहा, “उन्होंने अपनी सेवा से समाज में सम्मान अर्जित किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।” स्व. यदु सरल का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में आमजन, डाक विभाग के पूर्व सहकर्मी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
