
तड़के 3 बजे हुआ हादसा, पीएम आवास स्वीकृत था पर. मकान नहीं बन पाया था

पुसौर/रायगढ़ @ cglivenews.in
पुसौर तहसील क्षेत्र के ग्राम नंदेली में देर रात कच्चा मकान ढह जाने से एक महिला की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि उसका पति और 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की पुष्टि पुसौर थाना पुलिस ने की है।
कैसे हुआ हादसा –
जानकारी के अनुसार, ग्राम नंदेली निवासी रतन दास महंत पिता पीलादास महंत कच्चे मकान में परिवार के साथ रहता था। उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नए मकान के लिए आवेदन किया था, जो स्वीकृत भी हो चुका था और राशि आहरण की प्रक्रिया भी पूरी हो गई थी। सरपंच नंद कुमारी सिदार के अनुसार, नए आवास के निर्माण की तैयारी चल रही थी। इसी बीच पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण उसका पुराना कच्चा मकान कमजोर हो गया और बीती रात लगभग 3 बजे भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से रतन दास की पत्नी रोहिणी महंत (35) पूरी तरह दीवार के मलबे में दब गईं। वहीं रतन दास और उसका 12 वर्षीय पुत्र शिवम भी मलबे में दब गए। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रात में ही बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रतन और उसके बेटे को मलबे से बाहर निकाल लिया, लेकिन रोहिणी को नहीं बचाया जा सका, क्योंकि वह पूरी तरह दीवार के नीचे दब चुकी थीं।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मृतका के शव का मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई है।
समय पर बन जाता आवास तो बच जाती जान?

उक्त ग्राम रायगढ़ और खरसिया विधानसभा के मुहाने पर स्थित है। ग्रामीणों में चर्चा है कि यदि समय रहते पीएम आवास का निर्माण हो गया होता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल जाता। हालांकि शासकीय योजनाएं गांव तक पहुंचती हैं, लेकिन क्रियान्वयन में देरी की बात अक्सर सामने आती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


