


रायगढ़, 15 अगस्त 2026 । देश की आजादी के 80वें पावन पर्व पर शुक्रवार को जिला पंचायत कार्यालय रायगढ़ में देशभक्ति और गौरव का माहौल देखने को मिला। पूरे परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गवेल ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया। ध्वज को सलामी दी गई और इसके पश्चात उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री रविन्द्र प्रकाश गवेल, जिला पंचायत के सभी सम्मानित सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी , जिला पंचायत के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के समय पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अध्यक्ष श्रीमती गवेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिला पंचायत ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है।
ध्वजारोहण के उपरांत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने जिले के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अध्यक्ष ने कहा कि हम सब मिलकर रायगढ़ जिले को स्वच्छ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। मिठाई वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे समय परिसर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा।


