चोर और उसके सामान के खरीददार आए पुलिस के गिरफ्त में

       रायगढ़ । पुसौर पुलिस ने घर में हुई चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की त्वरित विवेचना, घटनास्थल निरीक्षण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

थाने में गिरफतार हुए आरोपी

       प्रार्थी देव कुमार नायक निवासी ग्राम जामपाली ने 08 जून 2026 की रात हुई चोरी की रिपोर्ट थाना पुसौर में दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि रात में भोजन कर परिवार के साथ सो गए थे और सुबह उठने पर घर के किचन से बजाज कंपनी का इंडक्शन चूल्हा कीमत 3800 रुपये, अर्पणा कंपनी का रेडियो 1500 रुपये, वीवो कंपनी का मोबाइल करीब 25 हजार रुपये तथा दीवान में रखी नगदी रकम अज्ञात चोर द्वारा दीवार फांदकर चोरी कर ली गई थी। रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 162/2026 अंतर्गत धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

      विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। सूचना पर संदेही डिलेश्वर सोनी निवासी जामपाली डीपापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की और बताया कि उसने घर से नगदी, इंडक्शन चूल्हा, रेडियो और मोबाइल चोरी किया था। आरोपी ने बताया कि मोबाइल और रेडियो को उसने झाड़ियों में फेंक दिया था तथा चोरी का इंडक्शन चूल्हा बलदेव साव नामक कबाड़ी को बेच दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने शेष 3950 रुपये नगद बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी बलदेव साव निवासी वार्ड क्रमांक 20 कोड़ातराई से पूछताछ की। उसने स्वीकार किया कि उसने डिलेश्वर सोनी से चोरी का इंडक्शन चूल्हा 1000 रुपये में खरीदा था और उसे तोड़कर कबाड़ में मिला दिया था। उसके कब्जे से इंडक्शन चूल्हे का टूटा हुआ हिस्सा बरामद कर जब्त किया गया। चोरी की संपत्ति खरीदने के कारण आरोपी बलदेव साव के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस भी प्रकरण में जोड़ी गई। पुसौर पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

       थाना पुसौर प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम की सक्रिय विवेचना और मुखबिर तंत्र से चोरी की वारदात का सफल पर्दाफाश हुआ। इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी समान रूप से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध वस्तुओं की खरीद-बिक्री से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।


Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *