

पुसौर सीएचसी और लोकेश हॉस्पिटल में मरीजों को बांटे फल, रायगढ़ में रक्तदान शिविर में लिया हिस्सा, जगन्नाथ प्रधान ने कहा- रौशन जी के सेवा मंत्र को आगे बढ़ा रहे कार्यकर्ता
पुसौर के कमलम परिवार ने अपने सर्वमान्य जननेता एवं पूर्व विधायक स्व. रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर सेवा कार्यों के माध्यम से उन्हें याद किया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरण किया और रायगढ़ में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लेकर रक्तदान भी किया।
अस्पतालों में पहुंचकर बांटे फल
कार्यक्रम की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर से हुई। यहां स्व. रोशनलाल अग्रवाल के अति करीबी एवं पूर्व पार्षद जगन्नाथ प्रधान, नगर उपाध्यक्ष उमेश साव, मंडल अध्यक्ष जैमिनी गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष त्रिनाथ गुप्ता व ईश्वर गुप्ता, सोसायटी अध्यक्ष घनश्याम पटेल, वरिष्ठ नेता रायसिंह गुप्ता, लेकरू गुप्ता, पार्षद रूपेश साव, प्रदीप यादव, निराकार पटेल, जिला मंत्री खीर कुमारी डनसेना, हिमांशु भूषण गुप्ता, प्रकल्प संयोजक गौरांग साव, किसान नेता प्रेमशंकर पंडा, स्कूल अध्यक्ष भरत शड़ंगी, मंडल उपाध्यक्ष दुखाशन, मनोज राजभर, किसान मोर्चा मंत्री श्रवण नायक, सुशील प्रधान, संतोष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद नायक और उनकी टीम ने सभी कार्यकर्ताओं का यथोचित सम्मान किया। इसके बाद डॉ. नायक स्वयं सभी को वार्डों में लेकर गए। कमलम परिवार के सदस्यों ने एक-एक मरीज के पास जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा और फल वितरण किया। मरीजों ने भी जननेता को याद करते हुए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इसके बाद दल लोकेश हॉस्पिटल पहुंचा और वहां भी मरीजों को फल भेंट किए।

रक्तदान शिविर में 20 युवाओं ने दिया रक्त
फल वितरण के बाद कमलम परिवार के कार्यकर्ता सीधे रायगढ़ में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने पहुंचे। पुसौर कमलम परिवार के प्रमुख जगन्नाथ प्रधान के अनुसार पुसौर क्षेत्र के 20 से अधिक युवाओं ने शिविर में रक्तदान किया। जिसमें भाजपा युवा नेतृ इंदिरा गुप्ता सहित कई महिलाओं ने भी भागीदारी निभाई और स्वयं जगन्नाथ प्रधान ने भी रक्तदान कर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और रौशन जी हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।
महिला वर्ग भी निभा रहा सक्रिय भूमिका
कमलम परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि पुरुष ही नहीं, महिला वर्ग भी स्व. रोशनलाल अग्रवाल के जीवन चरित्र को मूर्तरूप देने के लिए स्वयं आगे आ रहा है। महिलाएं आज भी उन्हें याद करते हुए सामाजिक कार्यों को मूर्तरूप दे रही हैं। जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर सभी कार्यकर्ता उत्साहित थे और मंसूबों के अनुसार उसे मूर्तरूप दिया गया।
स्वच्छता, पौधरोपण और शिक्षा थे रौशन जी के मंत्र
ज्ञात हो कि स्व. रोशनलाल अग्रवाल विधायक बनने के पूर्व भी पूरे जिले में स्वच्छता, पौधरोपण और शिक्षा को लेकर बेहद सजग थे। वे लगातार इन विषयों पर कार्यक्रम कराते रहते थे। विधायक बनने के बाद भी जीवन पर्यंत उन्होंने इन्हीं सूत्रों को आगे बढ़ाया। उनके साथ लोगों का कारवां जुड़ता गया। आज भी उनके अनुयायी जयंती और पुण्यतिथि पर इन्हीं तथ्यों को याद करते हुए सेवा कार्य आयोजित करते हैं।
