
गांव से राज्य तक
रायगढ़ की 14 सदस्यीय जिला टीम में 11 बेटियां अदाणी फाउंडेशन की हैं। पेंड्रा-मरवाही में 13 से 15 नवंबर तक होने वाली 26वीं जूनियर राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में, ये बेटियां जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। 2022 से शुरू हुए प्रशिक्षण ने गांव की बेटियों को राज्य के खेल पटल पर पहुंचा दिया है।

11 बेटियों का चयन
छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के तत्वावधान में जिला कबड्डी संघ पेंड्रा-मरवाही की ओर से इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। टीम में शामिल अदाणी फाउंडेशन की खिलाड़ियों में ऋतु सिदार, सरोजनी भारद्वाज, बिंदिया सिदार, अंजू निषाद, अनीता सिदार, माही गुप्ता, रेशमा, लक्ष्मीन यादव, पुष्पा मैत्री, खुशबू बारेठ तथा गुंजन सिदार शामिल हैं।
प्रशिक्षण का असर : 35 राज्य, 5 राष्ट्रीय स्तर पर
2022-23 से शुरू हुए नियमित प्रशिक्षण का ही असर है कि अब तक 35 बेटियां राज्य स्तर और 5 बेटियां राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुकी हैं। हाल ही में चक्रधर समारोह के दौरान आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी अदाणी फाउंडेशन की टीम ने चैम्पियन का खिताब जीता था। ये आंकड़े बताते हैं कि गांव में प्रतिभा की कमी कभी थी ही नहीं, कमी थी तो सिर्फ सही मंच, कोच और सुविधा की।

विदाई में उमड़ा खेल प्रेम
खिलाड़ियों के प्रस्थान के अवसर पर जिला एमेच्योर कबड्डी संघ के सचिव राजेश पटनायक सहित जिला खेल संघ के पदाधिकारी, कोच और वरिष्ठ खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने बेटियों को विदाई देते हुए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि ये बेटियां रायगढ़ के साथ-साथ पूरे राज्य का गौरव बढ़ाएंगी।
सीईओ ने कहा – ये गर्व का क्षण
इस अवसर पर अदाणी पावर लिमिटेड रायगढ़ के सीईओ (ऑपरेशन एंड प्रोजेक्ट) ने कहा कि ग्रामीण बेटियों को मैदान में आगे बढ़ते देखना पूरे अंचल के लिए गर्व का विषय है। ये चयन उनके अनुशासन, परिश्रम और कोचों के मार्गदर्शन का प्रमाण है।
सीबीओ ने कहा – मंच देना प्राथमिकता
वहीं चीफ बिजनेस ऑफिसर ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच, अवसर और आधुनिक संसाधन देना ही फाउंडेशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवसर मिलने पर ये बेटियां किसी से कम नहीं हैं। यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।
खेल के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य भी
उल्लेखनीय है कि फाउंडेशन रायगढ़ के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला आजीविका और कौशल विकास के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। खेलों के प्रति यही समर्पित दृष्टिकोण ग्रामीण युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ रहा है। अब जरूरत इस बात की है कि इन बेटियों की जीत को सिर्फ फोटो और बधाई तक सीमित न रखा जाए। इन्हें खेल छात्रवृत्ति, खेल कोटा और स्थायी प्रशिक्षण की सुविधा मिले। तभी ये मैट की जीत, जिंदगी की जीत में बदलेगी।
