
रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026 – खेल प्रतिभाओं को निखारने और ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से NTPC लारा के CSR सहयोग से मैत्री नगर टाउनशिप में YONEX SUNRISE 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया।
रायगढ़ जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 300 खिलाड़ियों और 34 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की गई, जहां युवा शटलरों ने अपना दमखम दिखाया।

मुख्य अतिथि ने दिया जीत का मंत्र –
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शशि मोहन सिंह (IPS), DIG एवं SSP, रायगढ़ उपस्थित रहे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा, “हार न मानने वालों की कभी हार नहीं होती।” उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सच्ची खेल भावना के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
ऊर्जा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी दे रहा उड़ान –
इस अवसर पर NTPC लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर ने कहा कि NTPC लारा का ध्येय केवल राष्ट्र को निर्बाध विद्युत आपूर्ति करना ही नहीं, बल्कि अपने आसपास के समाज के सर्वांगीण विकास में भागीदार बनना भी है। उन्होंने बताया कि CSR के माध्यम से NTPC लारा द्वारा लगातार राज्य स्तरीय बैडमिंटन, वॉलीबॉल और फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ग्रामीण खेलों को मुख्यधारा में लाने के लिए NTPC द्वारा लैक्रोस जैसे खेल को भी विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।
श्री ठाकुर ने गर्व के साथ बताया कि इसी पहल का सार्थक परिणाम है कि लारा के समीपस्थ महलोई गांव की तीन बेटियों ने लैक्रोस के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय कर मलेशिया में देश का प्रतिनिधित्व किया है। यह उपलब्धि न केवल क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि महिला सशक्तीकरण का एक प्रेरक उदाहरण भी है।
कार्यक्रम में श्री एम. श्रीनाथ, GM (O&M), श्री जाकिर खान, HoHR, श्रीमती रेखा ठाकुर, अध्यक्ष, प्रेरिता महिला समिति, श्री महावीर सिंह, DC, CISF सहित बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अभिभावक उपस्थित रहे। NTPC लारा की यह पहल निश्चित रूप से ग्रामीण अंचल के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए अवसर प्राप्त करने और राज्य से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है।
