
5 सितंबर से शुरू होंगे क्षेत्रीय इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27, लखनऊ से होगी शुरुआत, विजेता को मिलेगा 1 लाख, एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज का शेड्यूल जारी, 9 शहरों में होगा मुकाबला, इंजीनियरिंग-मैनेजमेंट छात्रों के लिए सुनहरा मौका:

देश के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट छात्रों के लिए एनटीपीसी लिमिटेड एक बार फिर बड़ा मंच लेकर आया है। कंपनी ने अपने प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 की घोषणा कर दी है। इस क्विज का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को ज्ञान, तर्क और प्रबंधन कौशल के क्षेत्र में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है।
एनटीपीसी प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष क्विज का शुभारंभ 5 सितंबर को लखनऊ से होगा। क्षेत्रीय स्तर के सभी मुकाबले 5 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच पूरे किए जाएंगे, जिसके बाद राष्ट्रीय सेमीफाइनल 7 अक्टूबर और ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, नोएडा में आयोजित होगा।
इस साल क्विज का आयोजन देश के नौ प्रमुख शहरों लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में किया जाएगा। प्रत्येक संस्थान से दो छात्रों की टीम इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेगी और इस वर्ष का विषय ‘द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखा गया है।
एनटीपीसी का कहना है कि यह क्विज केवल सामान्य ज्ञान की परीक्षा नहीं है, बल्कि छात्रों की सोचने-समझने, विश्लेषण करने और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता को परखने का माध्यम है। क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम आने वाली टीम को 60 हजार रुपये, द्वितीय को 40 हजार और तृतीय को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि चौथे से छठे स्थान तक की टीमों को आठ-आठ हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा।
क्षेत्रीय दौर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रत्येक क्षेत्र की शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इस प्रकार कुल 18 टीमें तीन सेमीफाइनल में भिड़ेंगी और प्रत्येक सेमीफाइनल से दो-दो टीमें चुनकर कुल छह टीमें राष्ट्रीय फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को एक लाख रुपये, उपविजेता को 60 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं चौथे से छठे स्थान तक की टीमों को 16-16 हजार रुपये और फाइनल में पहुंचने वाली शेष 12 टीमों को भी आठ-आठ हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
गौरतलब है कि एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज की शुरुआत 2004 में हुई थी और पिछले दो दशक से अधिक समय से यह देश के सबसे बड़े छात्र-केंद्रित ज्ञानोत्सव के रूप में स्थापित हो चुका है। एनटीपीसी भारत सरकार की महारत्न कंपनी है, जिसकी कुल स्थापित क्षमता 91 गीगावाट से अधिक है और कंपनी 2032 तक 60 गीगावाट हरित ऊर्जा क्षमता हासिल करने के लक्ष्य के साथ न्यूक्लियर पावर, बैटरी स्टोरेज और ग्रीन केमिकल्स जैसी नई तकनीकों पर भी काम कर रही है।


