

बकाया नहीं दिया तो 2 सितंबर से काट देंगे टावरों की बिजली, नेटवर्क ठप होने की आशंका , टावरों के किराया राशि की भी बकाया ।
एनटीपीसी लारा प्रबंधन और देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के बीच भुगतान विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। एनटीपीसी लारा ने एयरटेल को 5 वां और अंतिम रिमाइंडर भेजते हुए चेतावनी दी है कि अगर बकाया भुगतान नहीं किया गया तो 2 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से एयरटेल के सभी नेटवर्क उपकरणों की बिजली सप्लाई काट दी जाएगी। यह मेल एनटीपीसी के अधिकारी पंकज कुमार सिंह की ओर से 31 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे एयरटेल को भेजा गया है। मेल में कहा गया है कि एनटीपीसी परिसर में लगे नेटवर्क टावरों के किराए और बिजली बिल के बकाए के भुगतान के लिए एयरटेल द्वारा कोई पहल नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार एनटीपीसी लारा के टाउनशिप और प्लांट परिसर में एयरटेल के कई टावर लगे हैं। इन टावरों के किराए और उनके द्वारा खपत की गई बिजली का बिल लंबे समय से बकाया है। एनटीपीसी प्रबंधन द्वारा लगातार 5 बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी भुगतान नहीं होने से प्रबंधन ने यह सख्त कदम उठाया है। अगर 2 सितंबर को बिजली काटी गई तो लारा, पुसौर, छोटे भंडार, बड़े भंडार सहित आसपास के कई गांवों में एयरटेल उपभोक्ताओं को नेटवर्क की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है, कॉल ड्रॉप और इंटरनेट बंद होने की नौबत आ सकती है।


