

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से सोनम-शांति-मानसी की ऐतिहासिक उपलब्धि
*कलेक्टर ने कहा – जिले के लिए गौरव की बात, खिलाड़ियों को दी बधाई*
*रायगढ़, 03 सितम्बर 2026/* छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सतत सहयोग से रायगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रोस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रोस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर को पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम की इस बड़ी उपलब्धि में रायगढ़ जिले के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों – *सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भुमिया* की निर्णायक भूमिका रही।
*कलेक्टर से की मुलाकात*
अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच श्री देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि, “रायगढ़ की बेटियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। यह जिले की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा है।”
उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी हर संभव सहयोग और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे एवं अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो भी उपस्थित रहे।
कोच श्री देवावतार चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारू प्रदर्शन का परिचय दिया। सिंगापुर के खिलाफ कड़े मुकाबले में टीम ने शानदार जीत दर्ज कर कांस्य पदक जीता।
उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों को वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं जिला प्रशासन से लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है। खिलाड़ियों और कोच ने इस सहयोग के लिए वित्त मंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


