

पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कोतासुरा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। 61 वर्षीय वृद्धा कचरा बाई की गांव के ही हाथबुड़ा तालाब में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कचरा बाई रोज की तरह खेत में काम करने गई थी। खेत से काम खत्म कर शाम लगभग 5 बजे वह घर लौट रही थी। घर आने से पहले वह गांव के हाथबुड़ा तालाब में नहाने के लिए चली गई। गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने कचरा बाई को तालाब की ओर नहाने जाते हुए देखा था लेकिन वापस आते हुए किसी ने नहीं देखा। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान ग्रामीणों ने देखा कि तालाब की पचरी घाट पर उसके कपड़े रखे हुए हैं। इससे अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में तलाश शुरू की तो पचरी के नीचे गहरे पानी में उसका शव मिला। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से शव को बाहर निकाला और तुरंत पुसौर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों के मुताबिक कचरा बाई की शादी हो चुकी थी लेकिन पिछले कई वर्षों से वह अपने मायके में पिता के संरक्षण में रह रही थी। वर्तमान में उसके माता.पिता का देहांत हो चुका है और वह अपने भतीजों के साथ रहती थी। सूचना मिलते ही पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा तत्परता से पोस्टमार्टम किया गया और पुसौर पुलिस ने भी सहानुभूतिपूर्वक कार्रवाई की जिसके लिए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और पुलिस का आभार व्यक्त किया है।


