
राष्ट्रीय खेल दिवस पर दौड़, हॉकी और रस्साकशी का आयोजन; हॉकी में रेंगालपाली विजेता, राष्ट्रीय साइक्लिस्ट अंतरा, मिहिर और तनिषा का हुआ सम्मान

पुसौर/रायगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एनटीपीसी लारा ने पुसौर विकासखंड की युवा खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया। एनटीपीसी लारा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 200 विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के युवा विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता लाना था।
हॉकी के जादूगर को किया नमन:
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने मेजर ध्यानचंद के भारतीय हॉकी में अतुलनीय योगदान, उनके समर्पण और अनुशासन को याद करते हुए उन्हें आज की युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत बताया।
खेल मैदान पर दिखा दमखम:
दिन भर चले इस खेल आयोजन में 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, हॉकी और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने पूरे जोश, उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ भाग लिया। हॉकी के रोमांचक मुकाबले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रेंगालपाली की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय साइक्लिंग प्रतिभाओं को विशेष सम्मान:
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब पुसौर विकासखंड की उन तीन युवा साइक्लिस्ट प्रतिभाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय मंच पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय ट्रैक एवं रोड साइक्लिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली अंतरा सारथी, मिहिर पटेल एवं तनिषा को मंच से सम्मानित किया गया। इन तीनों ने साइक्लिंग के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से पूरे पुसौर अंचल को गौरवान्वित किया है।
गणमान्य जन रहे मौजूद:
इस अवसर पर एनटीपीसी लारा के एचओपी श्री सुभाष ठाकुर, जीएम (ओएंडएम) श्री एम. श्रीनाथ, जीएम (प्रोजेक्ट्स) श्री हेमंत पावगी, पुसौर विकासखंड के बीईओ श्री भुवनेश्वर पटेल सहित एनटीपीसी के अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि खेल ही वह माध्यम है जो हमें अनुशासन, दृढ़ता और टीम भावना सिखाता है। उन्होंने बच्चों को खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में एक कदम है, बल्कि जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की एनटीपीसी लारा की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


