टपर्दा सरपंच दिनेश जांगड़े के खिलाफ 17 पंचों ने लाया अविश्वास प्रस्ताव

कार्यालय जनपद पंचायत पुसौर

          ग्राम पंचायत तपर्दा में सरपंच दिनेश जांगड़े के खिलाफ सभी 17 पंचों ने एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है। पंचों ने एसडीएम रायगढ़ के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अविश्वास की मांग की है।  एसडीएम कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार सरपंच सहित कुल 18 जनप्रतिनिधियों को नोटिस तामील कराया गया है। यह सूचना ग्राम पंचायत सचिव ओंकार सिदार द्वारा संबंधितों तक पहुंचाई गई है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 22 जुलाई को पंचायत भवन टपर्दा में विहित अधिकारियों की उपस्थिति में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा।
         जानकारी के अनुसार पिछले कुछ समय से पंचों द्वारा सरपंच की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे थे। इस दौरान पंचों और सरपंच के बीच मतभेद की स्थिति बनी। बताया जा रहा है कि विवाद को लेकर थाने में भी शिकायत दर्ज हुई थी। इन्हीं घटनाक्रमों के बीच अब मामला अविश्वास प्रस्ताव तक पहुंच गया है।
           इस संबंध में पुसौर जनपद पंचायत के सीईओ गोस्वामी और पंचायत निरीक्षक से इनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया,  लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं सरपंच दिनेश जांगड़े से भी फोन पर बातचीत नहीं हो पाई है। उनका पक्ष मिलने पर प्रकाशित किया जाएगा। नियमानुसार 22 जुलाई को पंचायत भवन में सभी पंचों की उपस्थिति में विहित अधिकारी की देखरेख में अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बहुमत के आधार पर फैसला होगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अविश्वास प्रस्ताव सरपंच के पक्ष में जाता है या पंचों के में।

Goutam Panda

Goutam Panda

EDITOR - CG LIVE NEWS

More Posts - Website

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *