

तेज आंधी-बारिश से पहले जनपद पंचायत कार्यालय के सामने लापरवाही भारी पड़ते- पड़ते टल गई। अनिरुद्ध मेहर द्वारा मकान निर्माण के लिए खोदे गए नींव के गड्ढे में एक गोवंश गिर गई थी। गाय लगभग 3 घंटे तक गड्ढे में फंसी रही, लेकिन नगर अध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि व अन्य लोगों के अथक प्रयास से उसकी जान बचा ली गई।
घटना की जानकारी पड़ोस के रहवासी और पतंजलि के संचालक प्रवीण गुप्ता को तब हुई जब उन्होंने गोवंश के रंभाने की आवाज सुनी। प्रवीण गुप्ता ने तुरंत नगर के प्रमुख मोहित सतपथी को सूचना दी। मोहित सतपथी ने देर न करते हुए अंशु साव, बड़े हल्दी के पूर्व सरपंच सुधांशु साहू सहित आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया।
जेसीबी से हुआ रेस्क्यू
मामले की नजाकत को देखते हुए सभी लोग तत्काल घटनास्थल पहुंचे। इस बीच बारिश शुरू हो जाने से कुछ देर इंतजार करना पड़ा। बारिश थमते ही जेसीबी मंगवाई गई। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से गड्ढे की मेड़ हटाई गई और फंसी गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गोवंश को सकुशल बाहर आने के बाद नगर अध्यक्ष मोहित सतपथी और अंशु साव ने अनिरुद्ध मेहर के परिजनों को सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्य के लिए खोदे गए नींव गड्ढों की तुरंत घेराबंदी की जाए ताकि कोई भी मवेशी या बच्चा वहां न गिरे। उन्होंने कहा कि लापरवाही से न सिर्फ जानवरों बल्कि इंसानों की जान को भी खतरा हो सकता है।
मौके पर मौजूद लोगों ने नगर अध्यक्ष मोहित सतपथी, अंशु साव, सुधांशु साहू और प्रवीण गुप्ता की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। देर रात हुए इस रेस्क्यू से पूरे नगर में राहत की सांस ली गई।
