
पुसौर। तहसील मुख्यालय पुसौर में स्थापित शासकीय इंग्लिश मीडियम स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रबंधन बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। प्रबंधन द्वारा छात्रों को बेहतर से बेहतर शिक्षा देने के लिए ठोस रणनीति अपनाई जा रही है।

इसके तहत विषयवार शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन नियमित कक्षाएं ली जा रही हैं और छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति को प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूल के प्राचार्य ए.के. गुप्ता स्वयं प्रतिदिन कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे शिक्षण व्यवस्था काफी बेहतर हुई है।
शत-प्रतिशत रहा परिणाम, एक भी छात्र तृतीय श्रेणी में नहीं
बेहतर मॉनिटरिंग और नियमित पढ़ाई का ही परिणाम है कि बीते बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। सबसे बड़ी बात यह रही कि अधिकांश छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या बहुत कम रही और तृतीय श्रेणी में एक भी छात्र नहीं रहा।
भवन के अभाव में दो पालियों में संचालित हो रहा स्कूल
बताया जाता है कि स्कूल की शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ भवन की समस्या के समाधान के लिए स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है, लेकिन निर्माण कार्य अभी प्रारंभ नहीं हो पाया है। इसी कारण वर्तमान में स्कूल दो पालियों में संचालित हो रहा है।
प्राचार्य ए.के. गुप्ता के अनुसार, यह इंग्लिश मीडियम स्कूल एलकेजी से 12वीं तक संचालित है, जिसमें कक्षा 11वीं एवं 12वीं के लिए विज्ञान, गणित और कॉमर्स विषय उपलब्ध हैं।
इसी परिसर में हिंदी माध्यम का हाईस्कूल भी संचालित हो रहा है, जिसका संचालन भी प्राचार्य ए.के. गुप्ता द्वारा ही किया जा रहा है। इसके साथ ही परिसर में हिंदी माध्यम का स्कूल कक्षा 1 से 8वीं तक भी चल रहा है, जो खंड शिक्षा अधिकारी के क्षेत्रांतर्गत आता है।
प्राचार्य गुप्ता ने बताया कि नया भवन बन जाने के बाद इंग्लिश मीडियम की सभी कक्षाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी और मिडिल स्कूल अलग हो जाएगा। ऐसी स्थिति में नियमित मॉनिटरिंग और अधिक प्रभावी हो सकेगी और छात्रों को उसका और बेहतर परिणाम मिलेगा।


