

रायगढ़। एक सुई, एक धागा और आत्मसम्मान के साथ नई जिंदगी की शुरुआत। एनटीपीसी लारा के निकटवर्ती ग्रामीण अंचलों की महिलाओं के लिए आज सिलाई महज एक हुनर नहीं, बल्कि स्वावलंबन की ओर बढ़ता एक सशक्त माध्यम बन गई है। महिला सशक्तिकरण, हुनरमंदी और स्थायी रोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एनटीपीसी लारा ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के तहत ग्राम कंदागढ़ में द्वि-मासिक सिलाई प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया। इस शिविर में कंदागढ़ और झिलगीटार गांव की कुल 30 ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सिलाई की बारीकियों का व्यवहारिक ज्ञान दिया गया, जिससे वे अपने हुनर को रोजगार के अवसर में बदल सकें।

प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र के साथ-साथ सिलाई मशीनें भी प्रदान की गईं, ताकि वे सीखे हुए कौशल को स्वरोजगार और लघु उद्यम के रूप में स्थापित कर सकें। यह सहयोग उनके आत्मनिर्भर बनने की राह में एक ठोस आधार सिद्ध होगा।
इस अवसर पर प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने अर्जित हुनर को निरंतर निखारें और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को दैनिक जीवन में अमल में लाएं। उन्होंने डिजिटल माध्यमों से सतत सीखने और नवाचार को अपनाने पर भी विशेष बल दिया। इसी कड़ी में ग्राम बोदाझरिया में एक नवीन सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ भी श्रीमती रेखा ठाकुर के करकमलों द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में प्रेरिता महिला समिति की वरिष्ठ पदाधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं को उनके द्वार पर ही हुनर सीखने का अवसर उपलब्ध कराएगा। सिलाई प्रशिक्षण जैसी पहलें केवल तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वरोजगार की भावना, उद्यमशीलता और आर्थिक स्वावलंबन को भी सुदृढ़ करती हैं। प्रशिक्षित महिलाएं अब अपने परिवार की आमदनी में हाथ बंटाने के साथ-साथ स्वयं के लिए जीविका के नए द्वार खोलने में सक्षम होंगी।
कंदागढ़ और बोदाझरिया में किए गए ये प्रयास ग्रामीण महिलाओं को दक्ष बनाने और उन्हें स्वावलंबन के पथ पर अग्रसर करने की एनटीपीसी लारा की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सीएसआर के माध्यम से किए जा रहे ऐसे प्रयास समावेशी ग्रामीण विकास और दीर्घकालिक आजीविका सृजन में अहम भूमिका निभा रहे हैं।


