


पुसौर, 30अप्रैल 2026 – पिछले कुछ वर्षों से शासकीय स्कूलों के छात्र अपनी शैक्षणिक दक्षता का परिचय देते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी जगह बनाने लगे हैं। जिन स्कूलों में मध्याह्न भोजन, शासकीय कार्यों का भार और कई अन्य गतिविधियां लगातार चलती रहती हैं, जिसके कारण छात्रों की पढ़ाई के घंटे प्रभावित होते हैं, इसके बावजूद छात्रों का शैक्षणिक स्तर बढ़ा है और शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ प्रदेश की मेरिट सूची में जगह बनाकर शिक्षा व्यवस्था को चौंका दिया है।
पहले टॉप टेन में आते थे ज्यादातर निजी स्कूलों के छात्र
कुछ साल पहले तक बोर्ड परीक्षा की टॉप टेन सूची में प्रायः अशासकीय यानी निजी स्कूलों के छात्र ही आते थे। कभी-कभार ही शासकीय स्कूलों के छात्रों का नंबर लग पाता था। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार बढ़ने लगा है जिसमें रायगढ़ जिला इस समय प्रदेश में अपना स्थान अव्वल दर्जे में रखा है। और इसमें पुसौर ‘शिक्षा का हब’ कहे जाने वाले का स्थान भी सुरक्षित है।
विधायक व मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश का असर
स्थानीय लोगों का मानना है कि क्षेत्रीय विधायक एवं वित्तमंत्री ओपी चौधरी की शिक्षा के प्रति विशेष रुचि और शिक्षा का स्तर बढ़ाने के निर्देशों का असर दिखने लगा है जिसमें अब शासकीय स्कूलों के छात्र भी बाजी मारने लगे हैं। जिसमें पुसौर क्षेत्र में 15 शासकीय हायर सेकेंडरी और 25 हाईस्कूल संचालित हैं, जिनमें हजारों की संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी थी। वहीं आधा दर्जन से अधिक अशासकीय स्कूलों के भी सैकड़ों छात्र शामिल रहे। इन स्कूलों में छात्र टॉप टेन में नहीं आने के बावजूद भी ज्यादातर छात्र प्रथम व द्वितीय श्रेणी में है।
गिरिजा प्रधान ने रचा इतिहास: बिना ट्यूशन 590 अंक
इसी क्रम में शासकीय स्कूल महलोई की कक्षा 10वीं की छात्रा गिरिजा प्रधान ने 600 में से 590 अंक हासिल कर प्रदेश में 5वां स्थान सुरक्षित कर लिया। गिरिजा के पिता तुलाराम प्रधान और माता चंद्रकांति प्रधान हैं। ग्रामीण परिवेश में बिना किसी ट्यूशन या विशेष मार्गदर्शन के इतने अंक प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है। निसंदेह एक ग्रामीण छात्रा की यह उपलब्धि शासन की शिक्षण व्यवस्था में चमत्कारिक इजाफे का परिचय है।
बीईओ की टीम ने किया सम्मान
खंड शिक्षा अधिकारी और उनकी टीम महलोई स्कूल पहुंची और छात्रा गिरिजा का सम्मान किया और इस उपलब्धि के लिए स्कूल प्रबंधन प्रमुख विजय साव सहित पूरे स्टाफ को बधाई दी गई। तहसील मुख्यालय पुसौर के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 12वीं में 73 छात्र शामिल हुए थे, जिनमें 55 प्रथम श्रेणी और 12 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। शेष विद्यार्थी स्वास्थ्यगत कारणों से परीक्षा में प्रभावित हुए। इसी तरह कक्षा 10वीं में 38 छात्र शामिल थे, जिनमें 20 प्रथम श्रेणी और 18 द्वितीय श्रेणी से पास हुए। इस उपलब्धि पर स्कूल की प्राचार्य अमरबेली केरकेट्टा एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष भरत षडंगी को नगर के पूर्व पार्षद बैंकुंठ गुप्ता ने बधाई देकर आभार प्रकट किया।
टॉपर छात्रों को मिलेगा इनाम, फेल छात्रों को ढांढस
क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाले लोगों ने 10वीं-12वीं के परिणाम घोषित होने से पहले ही टॉप टेन आने वाले छात्रों को अपनी तरफ से सामग्री भेंट करने का ऐलान किया था। इसमें प्रमुख रूप से सोसायटी अध्यक्ष घनश्याम पटेल का नाम शामिल है। वहीं नगर अध्यक्ष मनी मोहित सतपथी, उपाध्यक्ष उमेश साव, हरित सेवा समिति अध्यक्ष सीताराम चौहान सहित शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाले लोगों ने उत्तीर्ण छात्रों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। साथ ही अनुत्तीर्ण या कम अंक आने वाले छात्रों का ढांढस बंधाते हुए कहा कि और मेहनत करिए, जरूर सफलता मिलेगी।
