
सोडेकेला, पुसौर, 20 अप्रैल 2026 – तहसील मुख्यालय पुसौर से महज 6 किमी दूर स्थित ग्राम सोडेकेला में नव निर्मित भगवान जगन्नाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 12 अप्रैल से भव्य धार्मिक आयोजन जारी है। 24 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ इसका समापन होगा। लगभग दो सप्ताह तक चलने वाले इस आयोजन से पूरा गांव मेले में तब्दील हो गया है।

कंस दरबार से कीर्तन, नाटक और भंडारा तक
ग्रामीणों के साथ आसपास के गांवों के लोग भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। गांव में कहीं कंस दरबार सजा है तो कहीं कीर्तन मंडली, नाटक मंचन और जगह-जगह भंडारे का आयोजन हो रहा है। इन सभी कार्यक्रमों के बीच वेदोक्त मंत्रों के साथ भगवान जगन्नाथ की प्राण प्रतिष्ठा श्रद्धालुओं के मन को आंदोलित कर रही है। पूरा सोडेकेला गांव भक्तिमय माहौल में गुलजार है।
मिट्टी के मंदिर को दिया भव्य रूप
जानकारी के मुताबिक पहले यहां मिट्टी का मंदिर था। ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान व सहयोग से मंदिर को नव कलेवर के साथ भव्य रूप दिया है। अब उसी नव निर्मित मंदिर में विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है।
अंकुरारोपण से महाप्रसाद तक, 16 जोड़ी यजमान
प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य कार्यक्रमों में अंकुरारोपण, कलश यात्रा, यज्ञ, सूर्य पूजा, शाला संस्कार, यूप प्रतिष्ठा, अन्नाभिषेक, शर्कराभिषेक, चंडी पाठ युक्त हवन, वस्त्राभिषेक, पुष्पाभिषेक, फलाभिषेक, विष्णु सहस्रनाम, गीता हवन, देवता महास्नान, रत्न मंडप प्रतिष्ठा, भगवान जगन्नाथ जी की प्राण प्रतिष्ठा, महाध्वज स्थापन, कलश स्थापन, चतुर्धामूर्ति मंदिर प्रवेश शामिल हैं। 24 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ महाप्रसाद वितरण होगा। इन कार्यक्रमों में 16 जोड़ी यजमान शामिल हैं। ग्रामीणों के साथ मिलकर यजमानों ने गांव के हर कोने को सजाने-संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ग्राम के मुख्य यजमान रमेश गुप्ता व उनके परिवारजन सहित कई गणमान्य लोग व्यवस्था संभाल रहे हैं।

चांदी का मुकुट भेंट, हरिबोल के जयघोष
इस दिव्य आयोजन में दिवंगत गुरुजी धोबाराम साहू व माता श्रीमती बसंत साहू की प्रेरणा से उनके परिवार की सुश्री सुशीला साहू, पुरुषोत्तम साहू, हेमलता साहू व बच्चों ने भगवान जगन्नाथ को चांदी का मुकुट भेंट किया। मुकुट को थाली में सजाकर हरिबोल के जयघोष के साथ मंदिर तक पहुंचाया गया। इसके अलावा पड़िगांव के मंगल गुरुजी एवं परमानंद शर्मा द्वारा भी मुकुट भेंट करने की जानकारी मिली है।
क्षेत्रीय विधायक व मंत्री पूर्व विधायक से जिला पंचायत सदस्य तक पहुंचे
चल रहे कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक व मंत्री ओ पी चौधरी , पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, सरपंच संघ अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ठाकुर, भाजपा के कद्दावर नेता रत्थू गुप्ता, मंडल अध्यक्ष जैमिनी गुप्ता सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल होकर भगवान के समक्ष शीश नवाकर प्रसाद ग्रहण किए।
बेहतर व्यवस्था, नहीं हुई कोई अप्रिय घटना
पूर्व सरपंच, वर्तमान सरपंच व पदाधिकारियों की व्यवस्था में आए हुए सभी श्रद्धालुओं को सम्मान और समय पर सेवा-सुश्रुषा मिल रही है। अन्न प्रसाद वितरण से लेकर वाहनों के रखरखाव तक के लिए ग्रामीण मुस्तैदी से योगदान दे रहे हैं। इसी का परिणाम है कि अब तक कोई अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई, बल्कि आपसी सद्भाव में काफी इजाफा देखा जा रहा है।
बाहर गए परिजनों को भी बुलाया, श्रद्धालु कर रहे अंशदान
सोडेकेला के ग्रामीणों ने बाहर रह रहे अपने परिवारजनों को भी न्योता देकर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। परिजन सहर्ष शामिल होकर यथासंभव अंशदान भी कर रहे हैं। श्रद्धालु तन-मन-धन से इस आयोजन में सम्मिलित हो रहे हैं।
