
पुसौर। नगर पंचायत पुसौर में आज आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। पुसौर महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित किसान समृद्धि केंद्र व गौधन पोषण एवं पशु विकास केंद्र का भव्य शुभारंभ जनपद पंचायत पुसौर की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। नगर पंचायत वार्ड 8 की पार्षद श्रीमती अणिमा अंशु साव, विकासखंड संगठन अध्यक्ष श्रीमती फूलकुंवर भूमिया और नगर पंचायत पुसौर के युवा एल्डरमैन विकास होता की गरिमामयी उपस्थिति में हेमलता चौहान ने फीता काटकर केंद्र का अनावरण किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में जनपद अध्यक्ष हेमलता चौहान ने कहा कि यह केंद्र केवल एक दुकान नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण का मंदिर है। उन्होंने कहा कि जब गांव की महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा गांव समृद्ध होता है और पुसौर की बिहान दीदियों ने आज यह साबित कर दिया है कि वे केवल खेतों में काम करने वाली मजदूर नहीं बल्कि एक सफल उद्यमी भी बन सकती हैं। उन्होंने पुसौर महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की लखपति दीदी की परिकल्पना अब पुसौर की धरती पर साकार हो रही है।

ज्ञात हो कि विकासखंड परियोजना प्रमुख श्रीमती छाया ईश्वर एवं उनके टीम के अगुवाई में महिलाओं के सामुहिक गतिविधियाँ सामने आई जिसका एक यूनिट किसान समृद्धि केंद्र है. इस किसान समृद्धि केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की महिला किसानों को एक ही छत के नीचे गुणवत्तायुक्त बीज, जैविक खाद, पशु आहार और कृषि संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन मिलेगा वहीं गौधन पोषण केंद्र में गाय के गोबर से वर्मी कम्पोस्ट और जैविक दवाइयां तैयार कर जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा जिससे खेती की लागत कम होगी और मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। यह पूरी कंपनी सैकड़ों बिहान दीदियों के स्वामित्व में है जो अब खुद मालिक बनकर व्यवसाय का संचालन करेंगी। आज के इस व्यवस्थित कार्यक्रम में बिहान परियोजना के ओड़ेकेरा व सूपा संकुल के पदाधिकारी एवं केडर्स, कृषि विभाग पुसौर से भास्कर डीजीएफ पीआरपी, क्षेत्रीय समन्वयक सहित विकासखंड परियोजना प्रमुख श्रीमती छाया ईश्वर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में यहाँ के संचालक नीलेश महाना ने आभार प्रदर्शन किया इस के साथ समारोह का समापन किया गया।
