

रायगढ़: सारंगढ़ में पदस्थ वरिष्ठ तहसीलदार एन.के. सिन्हा शासकीय अति आवश्यक कार्य से गुरुवार को पुसौर तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वर्तमान तहसीलदार सुश्री अनुराधा पटेल से मुलाकात कर शासकीय कार्य का संपादन किया। उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व एन.के. सिन्हा पुसौर तहसील में तहसीलदार के पद पर पदस्थ थे। उस समय तहसील के गठन के बाद 240 ग्रामों को लेकर जमीन-जायदाद, सीमांकन और राजस्व प्रकरणों से जुड़े कई अति संवेदनशील मामले सामने आए थे।
अपने कार्यकाल के दौरान श्री सिन्हा को कई बार हड़ताल, भूख हड़ताल और प्रदर्शन का भी सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी पक्षों को सुनकर, नियमों के तहत समाधान निकाला और प्रदर्शनकारियों को उनका उचित हक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यशैली और संतुलित व्यवहार के कारण आज भी पुसौर तहसील के लोग उनके कार्यकाल को याद करते हैं वर्तमान में सारंगढ़ तहसील में पदस्थ श्री सिन्हा शासकीय कार्य के सिलसिले में पुसौर आए थे। इस दौरान उन्होंने वर्तमान तहसीलदार सुश्री अनुराधा पटेल से औपचारिक मुलाकात की और लंबित शासकीय प्रकरणों के संबंध में चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए। पुसौर आगमन की सूचना मिलते ही श्री सिन्हा के कई पुराने शुभचिंतक और परिचित तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पूर्व तहसीलदार से सौजन्य भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना। मुलाकात के दौरान पुराने दिनों और तहसील से जुड़ी यादों को भी साझा किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शक
राजस्व विभाग में श्री एन.के. सिन्हा वरिष्ठ और अनुभवी तहसीलदारों में गिने जाते हैं। अपने लंबे अनुभव और प्रकरणों के निराकरण की क्षमता के कारण उच्चाधिकारी भी कई बार उनसे मार्गदर्शन लेते रहे हैं। अनुशासन, पारदर्शिता और जनसुनवाई को लेकर उनकी छवि विभाग में अच्छी मानी जाती है। पूर्व तहसीलदार एन.के. सिन्हा का पुसौर आगमन केवल शासकीय कार्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पुरानी स्मृतियों और आपसी सौहार्द को ताजा करने का अवसर भी बन गया।


