

रायगढ़, 08 अगस्त 2026 । गारे पेलमा-3, गारे पेलमा-2 और पेलमा माइनिंग परियोजनाओं की सामाजिक सरोकार शाखा अदाणी फाउंडेशन के शैक्षणिक प्रयासों को इस वर्ष बड़ी सफलता मिली है। तमनार क्षेत्र में संचालित अदाणी जवाहर नवोदय विद्यालय कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है।
इस वर्ष 39 का चयन, अब तक का सर्वश्रेष्ठ परिणाम
इस वर्ष कोचिंग सेंटर से कुल 39 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में चयन हुआ है, जो अब तक का सर्वश्रेष्ठ परिणाम है।
चयनित विद्यार्थियों में 34 विद्यार्थियों का एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, 1 का जवाहर नवोदय विद्यालय, 3 का उत्कर्ष विद्यालय तथा 1 का सैनिक स्कूल में प्रवेश हुआ है।
मिलूपारा गांव ने बनाई मिसाल
ग्रामीण और आदिवासी अंचलों से आने वाले इन विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष तमनार के मिलूपारा गांव ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। गांव के 17 विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में चयन हुआ है। इनमें अधिकतर बच्चे श्रमिक परिवारों से हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित किया कि सही मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण प्रतिभाएं भी ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
3 साल में 87 का चयन
अदाणी फाउंडेशन की यह पहल पिछले तीन वर्षों से लगातार सफलता दे रही है। वर्ष 2023 से अब तक इस कोचिंग कार्यक्रम के माध्यम से 87 विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, सैनिक स्कूल और उत्कर्ष विद्यालय जैसे संस्थानों में हो चुका है।
निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन
दूरस्थ गांवों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से यह कोचिंग सेंटर पूर्णतः निःशुल्क संचालित है। यहां विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं, अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और अभ्यास परीक्षाओं की सुविधा दी जाती है।
फाउंडेशन के अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय बच्चों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और फाउंडेशन टीम के प्रयासों को दिया।
चयनित विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में शिक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना है और अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिली है।
