
सेवा संकल्प अभियान ने जब पुसौर अंचल के ग्राम गुडू में दस्तक दी तो नजारा देखने लायक था। अभिनव विद्या मंदिर, पुसौर के बच्चों ने सिर्फ नाटक नहीं किया, बल्कि पूरे गांव की सोच को झकझोर दिया।
राधा-कृष्ण मंदिर से गूंजा शंखनाद –

कार्यक्रम की शुरुआत कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि संस्कार से हुई। प्रातः ग्राम के आराध्य श्री राधा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मंदिर की घंटियों के साथ जैसे ही स्वच्छता का संकल्प लिया गया, पूरा माहौल भक्तिमय और प्रेरणादायक हो गया।
मंच पर दिग्गज, सामने पूरा गांव –
मंच पर अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सरपंच पति समारू मेहर, गांव के गौंटिया वासुदेव प्रधान, समाजसेवी हरि साहू, विशुद्धानंद नंदे, मनोज गुप्ता, पंच सारथी गुप्ता, सुनील मेहर, झालेश्वर प्रधान, नगर पंचायत पुसौर के उपाध्यक्ष उमेश कुमार साव, समिति कोषाध्यक्ष घनश्याम पटेल, सक्रिय पार्षद फगूलाल प्रधान और विद्यालय के यशस्वी प्राचार्य अक्षय कुमार सतपथी का पुष्पगुच्छ और श्रीफल से आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत के बाद अतिथियों ने अपने आशीर्वचन में कहा कि – “अभिनव विद्या मंदिर सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं दे रहा, बल्कि बच्चों में संस्कार और राष्ट्रसेवा का बीज बो रहा है।”
नुक्कड़ नाटक ने आंखें नम कर दीं –
असली आकर्षण था बच्चों का नुक्कड़ नाटक – “स्वच्छता. ही सेवा है”।
दृश्य 1 में एक बच्चा कचरा फेंकते हुए बीमार पड़ जाता है। दृश्य 2 में उसकी मां उसे अस्पताल ले जाती है। दृश्य 3 में पूरे गांव के बच्चे झाड़ू उठाकर गांव साफ करते हैं और नारा देते हैं – “हम सुधरेंगे, गांव सुधरेगा, गांव सुधरेगा, देश सुधरेगा।” बच्चों के सजीव अभिनय, संवाद और करुणा ने वहां खड़ी बुजुर्ग महिलाओं की आंखें तक नम कर दीं। लोगों ने कहा – ये बच्चे नहीं, हमारे गुरु हैं। नाटक के तुरंत बाद छात्र-छात्राओं ने “ये देश है वीर जवानों का” गीत पर ऐसा देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत किया कि पूरा गांव तालियों से गूंज उठा।
गुडू ने ली ऐतिहासिक शपथ –
कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी सत्यम भोय ने माइक संभाला और सैकड़ों हाथ एक साथ उठ गए। शिक्षक-शिक्षिकाओं – सनत कुमार बिश्वाल, ताराचंद गुप्ता, राहुल वैष्णव, श्रीमती जागेश्वरी गुप्ता, रवीन्द्र मेहर, कु. तनुजा गुप्ता की उपस्थिति में समस्त ग्रामवासियों ने शपथ ली –

मैं शपथ लेता/लेती हूं कि मैं स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूंगा/रहूंगी और दूसरों को भी प्रेरित करूंगा/करूंगी।”
इस दौरान शताधिक ग्रामीण, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय के वरिष्ठ, अनुभवी शिक्षक फूलचंद गुप्ता ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य अक्षय कुमार सतपथी ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों और बच्चों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
